सीकर, प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को रामगढ़ शेखावाटी में आयोजित विराट जनसभा में कहा कि राजस्थान सरकार “विरासत के साथ विकास” के संकल्प पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दो वर्षों में ही प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। सीकर और झुंझुनूं जिलों के लिए 539 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात इस कार्यक्रम के माध्यम से दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी की हवेलियां राजस्थान की अनूठी धरोहर हैं। झुंझुनूं, सीकर और चूरू जिलों की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया गया है। इन्हें पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई पहचान दी जाएगी। इस संबंध में राज्य सरकार विशेष विरासत संरक्षण कानून भी लाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 से इस क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा, जिससे प्रदेश में फिल्म निर्माण और पर्यटन दोनों को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी के किसानों की वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान यमुना जल समझौते से संभव होगा। “डीपीआर निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है और जल्द ही शेखावाटी को यमुना जल की सौगात मिलेगी,” उन्होंने कहा। साथ ही राम जल सेतु लिंक परियोजना को भी तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण देकर 12 लाख से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में सहायता राशि 5,000 से बढ़ाकर 6,500 रुपये कर दी गई है, जिससे अब तक 10 लाख माताओं को लाभ मिला है। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये की राशि दी जा रही है और 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को इसका लाभ प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालकों को दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान दिया जा रहा है और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पौष्टिक आहार हेतु दूध उपलब्ध करवाया जा रहा है। रोजगार पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि 92 हजार पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं तथा 1 लाख 53 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार पांच वर्ष में चार लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य पूरा करेगी और नई युवा नीति से युवाओं को रोजगार प्रदाता बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार ने दो वर्षों में वह काम कर दिखाया जो पिछली सरकार पाँच वर्ष में भी नहीं कर सकी।” उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दो साल में 6,363 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाई गई है, जबकि पिछली सरकार ने पाँच वर्षों में केवल 3,952 मेगावाट जोड़ी थी। इसी अवधि में 15,684 किमी सड़कों का निर्माण हुआ, जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने पाँच साल में 13,160 किमी तक ही कार्य किया था।
नगरीय विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में जल, सड़क और शहरी विकास की दिशा में ऐतिहासिक फैसले हुए हैं। रामजन सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौता शेखावाटी की दशा बदलने वाले निर्णय हैं।
इस मौके पर मंच पर प्रदेश भर के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे — पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, खंडेला विधायक सुभाष मील, पूर्व सांसद सीकर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व सांसद झुंझुनूं संतोष अहलावत, चूरू विधायक हरलाल सारण, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा जिला अध्यक्ष सीकर मनोज बाटड़, भाजपा नेता गजानंद कुमावत, जिला महामंत्री रामावतार रूंथला, अरविंद सिंह खोटीया, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित तिवाड़ी, पूर्व विधायक सीकर रतन जलधारी, जितेंद्र सिंह कारंगा, भाजपा नेता परमानंद जोशी, पूर्व यूआईटी चेयरमैन सीकर हरीराम रणवां, संभागीय आयुक्त जयपुर पूनम, पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राघवेंद्र सुहासा, जिला कलेक्टर सीकर मुकुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक सीकर प्रवीण नायक नूनावत सहित हज़ारों नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की तथा जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।
जनसभा में भाजपा नेता श्रवण चौधरी ने क्षेत्रीय जनता की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“मुख्यमंत्री जी का विजन शेखावाटी को नई ऊर्जा दे रहा है। यमुना जल समझौता इस क्षेत्र के लोगों के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन लाएगा। हमारी भाजपा सरकार ने जो संकल्प लिए हैं, वे आने वाले वर्षों में शेखावाटी को समृद्ध, हरा-भरा और पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बना देंगे।”
सीकर जिले के लिए 155 करोड़ रुपये के और झुंझुनूं जिले के लिए 384 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जिनमें भगेगा-नीमकाथाना रेलवे स्टेशन के बीच आरओबी, सबलपुरा स्टैंड से भढ़ाढ़र तिराहे तक फोरलेन सड़क, चिड़ावा उपजिला अस्पताल, नवलगढ़ सौंदर्यीकरण कार्य, आरडीएसएस योजना के विकास कार्य सहित कई परियोजनाएं सम्मिलित हैं। समारोह को बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ सुना।






